देवघर से जेएसएससी परीक्षा देकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम/सात माह पहले हुई थी शादी।
SHIKHAR DARPANMonday, July 20, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की रविवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह देवघर में आयोजित जेएसएससी परीक्षा देकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। घर से महज कुछ दूरी पहले परियाना गांव स्थित स्कूल के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उमेश की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर परियाना गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उमेश की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उमेश को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, पचंबा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पथला-नावाडीह के पास ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बताया गया कि उमेश रविवार को देवघर में JSSC परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गया। उमेश की शादी महज सात महीने पहले ही हुई थी। उसकी मौत से पत्नी समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर आगजनी करते हुए ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता शुरू की। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी थी।