Type Here to Get Search Results !

झारखंड एस आई आर अभियान:- नवोदय विद्यालय पहुंचे जिला निर्वाचन पदाधिकारी, विद्यार्थियों को पढ़ाया लोकतंत्र का पाठ।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने एवं युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने 31-गांडेय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एवं निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। संवाद के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका एवं निर्वाचन प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने सरल एवं सहज भाषा में बताया कि एस आई आर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, घर-घर सत्यापन की व्यवस्था तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।

साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान के संचालन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को बूथ लेवल ऑफिसर एवं बीएलओ सुपरवाइजर की भूमिका और दायित्वों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा मतदाताओं से संबंधित सूचनाओं का संकलन करते हैं, जबकि बीएलओ सुपरवाइजर इन कार्यों की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे लोकतंत्र के "यंग एम्बेसडर" बनकर अपने परिवार, पड़ोस एवं समाज के लोगों को एस आई आर-2026 अभियान की जानकारी दें तथा सभी पात्र मतदाताओं को समय पर गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जागरूकता और सहभागिता से यह अभियान और अधिक प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनेगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया एवं विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता एवं मतदान के महत्व पर भी प्रेरक संदेश दिया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने विद्यालय में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की गतिविधियों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। यह मंच विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रणाली की बुनियादी समझ प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।जिला प्रशासन द्वारा जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के माध्यम से एस आई आर-2026 अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अभियान से जुड़ें और "कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं" के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.