Type Here to Get Search Results !

बेंगाबाद के तेलोनारी में दर्दनाक हादसा: पंखे का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के तेलोनारी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तेलोनारी निवासी जमरूद्दीन अंसारी (पिता- अताउल/अत्ताउल अंसारी) के रूप में हुई है। उनकी उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमरूद्दीन अपने घर में पंखे का तार (कनेक्शन) जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक वे बिजली की चपेट में आ गए और तेज करंट लगने से नीचे गिर पड़े। गिरने के कारण उनके सिर में भी गंभीर चोट आई। घटना के समय घर में मौजूद परिजनों ने उन्हें अचेत अवस्था में पाया और तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने भी इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि जमरूद्दीन अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके ऊपर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। अपने पीछे वे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट भी खड़ा हो गया है। फिलहाल शव गिरिडीह सदर अस्पताल में रखा गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.