उपायुक्त के निर्देशानुसार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गांडेय में किशोरियों को माहवारी स्वच्छता एवं बाल अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक।
SHIKHAR DARPANMonday, July 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गांडेय में किशोरियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को माहवारी स्वच्छता (Menstrual Hygiene) एवं व्यक्तिगत स्वच्छता (Personal Hygiene) के महत्व से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वच्छता संबंधी सावधानियों तथा स्वास्थ्य संरक्षण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही छात्राओं को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल व्यापार (मानव तस्करी), बाल शोषण, बाल अधिकार तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया।
उन्हें बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में जीवन जीने, शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने अधिकारों का लाभ लेने का अधिकार है। किसी भी प्रकार के बाल अधिकार उल्लंघन, बाल शोषण अथवा बच्चों से संबंधित अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्हें जागरूक, आत्मविश्वासी एवं सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया तथा समाज में व्याप्त कुप्रथाओं एवं अपराधों के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठाने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई से कौशल जी एवं योगेंद्र जी, जिला समाज कल्याण विभाग से बिक्कु कुमार तथा वन स्टॉप सेंटर से मीरा कुमारी उपस्थित रहीं।