Type Here to Get Search Results !

'एक पौधा माँ के नाम' अभियान में बाबूलाल मरांडी ने किया पौधारोपण, जर्जर जमुआ थाना भवन पर सरकार को घेरा।

जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एक पौधा माँ के नाम अभियान के तहत शनिवार को झारखंड के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने जमुआ थाना परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। वहीं थाना परिसर का निरीक्षण करने के बाद जर्जर भवन की स्थिति पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा और इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने का भरोसा दिया। पौधारोपण के बाद आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपनी मां के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल भी करे उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकेगा इसके बाद मरांडी ने जमुआ थाना भवन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की जर्जर स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस भवन में पुलिसकर्मी दिन-रात कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हैं, उसकी हालत बेहद खराब है। ऐसे माहौल में पुलिसकर्मियों से बेहतर कार्य की अपेक्षा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जमुआ थाना भवन की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है और यह सरकार की उदासीनता को दर्शाती है उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को झारखंड विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा सरकार से जमुआ में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल थाना भवन के शीघ्र निर्माण की मांग की जाएगी, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जनसुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, मंडल अध्यक्ष बाल गोविंद यादव, सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र यादव , रभिषेक राय, राजेंद्र राय , नरेश यादव, विनय राय, संजू राय, सुरेंद्र वर्मा, महेश सिंह, लालू रविदास, सुधीर सिंह, उपाध्याय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.