स्वावलंबन की ओर बढ़े कदम मंत्री सुदीव्य कुमार एवं उपायुक्त रामनिवास यादव ने दिव्यांगजनों को सौंपीं बैटरी चालित ट्राई साइकिलें।
SHIKHAR DARPANThursday, July 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानजनक जीवन एवं समान अवसर उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप आज समाज कल्याण विभाग, गिरिडीह द्वारा नगर भवन में दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान योजना विभाग अंतर्गत अनटाइड फंड से जिले के करीब 35 दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करना तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार सुदीव्य कुमार एवं उपायुक्त रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात माननीय मंत्री ने लाभुकों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्रदान की। ट्राई साइकिल प्राप्त करते ही दिव्यांगजनों के चेहरों पर प्रसन्नता और आत्मविश्वास की झलक स्पष्ट दिखाई दी। लाभुकों एवं उनके परिजनों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बैटरी चालित ट्राई साइकिल केवल एक वाहन नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए सम्मान, आत्मनिर्भरता और नए अवसरों का माध्यम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाए। मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम एवं सम्मानजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं लाभुकों को दैनिक जीवन की गतिविधियों में स्वतंत्रता प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक सहभागिता के नए अवसर उपलब्ध कराती हैं।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि जिले में कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों से संबंधित सभी कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभुकों की पहचान तथा समयबद्ध लाभ वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा उन्हें इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सांसद प्रतिनिधि (कोडरमा लोकसभा क्षेत्र) दिनेश यादव, उप महापौर सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता-सह-आईएएस प्रशिक्षु, अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक उपस्थित थे।