सूचना के अभाव में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन टला, अभिभावकों ने जताई नाराजगी।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 28, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड प्रखंड के पालगंज स्थित मध्य विद्यालय करपरदारडीह में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन को लेकर मंगलवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। समय पर सूचना नहीं मिलने से नाराज अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की और पुनर्गठन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। बढ़ते विरोध को देखते हुए समिति का पुनर्गठन फिलहाल टाल दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन की जानकारी अधिकांश अभिभावकों तक समय पर नहीं पहुंचाई गई। कई अभिभावकों को इसकी सूचना बच्चों के माध्यम से मिली, जबकि वर्तमान समिति के अध्यक्ष राजू दास को भी चयन प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग द्वारा 22 जुलाई को ही पुनर्गठन संबंधी नोटिस जारी कर दिया गया था, लेकिन बैठक की सूचना सोमवार शाम और मंगलवार सुबह दी गई।
सूचना में हुई देरी के कारण अधिकांश अभिभावक बैठक में शामिल नहीं हो सके, जिससे पुनर्गठन प्रक्रिया प्रभावित हुई। चुनाव पर्यवेक्षक मनोज सिंह ने बताया कि समय पर सूचना नहीं दिए जाने के कारण ग्रामीणों में काफी नाराजगी थी। ऐसी परिस्थिति में समिति का पुनर्गठन कराना उचित नहीं समझा गया। उन्होंने कहा कि विभागीय आदेश प्राप्त होने के बाद पुनर्गठन की प्रक्रिया दोबारा कराई जाएगी।वहीं, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि कौलेश्वर दास, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजू दास, पारो दास सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से चार दिन पहले ही सूचना जारी कर दी गई थी, लेकिन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा इसकी जानकारी अभिभावकों तक नहीं पहुंचाई गई। इसके कारण कई अभिभावक बैठक से वंचित रह गए और पुनर्गठन की प्रक्रिया बाधित हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन के लिए नई तिथि निर्धारित की जाए तथा सभी अभिभावकों को समय पर सूचना देकर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए।