Type Here to Get Search Results !

हर पात्र श्रमिक बनवाएं श्रम कार्ड, पीरटांड़ में 15 से 24 जुलाई तक विभिन्न पंचायतों में लगेंगे विशेष शिविर।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड सरकार की झारखंड असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का श्रम कार्ड बनाने के उद्देश्य से पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में विशेष निबंधन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी देते हुए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि 15 जुलाई से 24 जुलाई तक अलग-अलग पंचायतों में शिविर लगाकर पात्र श्रमिकों का ऑन-द-स्पॉट निबंधन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को चिरकी पंचायत भवन, 16 जुलाई को मधुबन गेस्ट हाउस, 17 जुलाई को कुम्हारलालो पंचायत भवन, 20 जुलाई को तूइयो पंचायत भवन, 21 जुलाई को खरपोखा पंचायत अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र गोबरंधा, 22 जुलाई को चिलगा पंचायत भवन, 23 जुलाई को नवाडीह पंचायत भवन तथा 24 जुलाई को हरलाडीह पंचायत अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र पलमा में श्रम कार्ड निबंधन शिविर लगाए जाएंगे। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए।

कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र श्रमिक, किसान, दिहाड़ी मजदूर तथा असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लोगों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, स्वयं नियोजित व्यक्ति तथा दो एकड़ या उससे कम कृषि भूमि रखने वाले किसान श्रम विभाग में निबंधन कराकर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। श्रम कार्डधारियों को दुर्घटना में मृत्यु अथवा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में आर्थिक सहायता, सामान्य मृत्यु सहायता, मातृत्व लाभ, कौशल विकास प्रशिक्षण, उपचार सहायता, औजार सहायता एवं विवाह सहायता सहित कई योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में प्रदान किया जाता है। शिविर में निबंधन के लिए आवेदक को आधार कार्ड, बैंक पासबुक अथवा बैंक खाते का विवरण, एक पासपोर्ट आकार का फोटो तथा नॉमिनी का आधार कार्ड एवं बैंक खाते का विवरण साथ लाना अनिवार्य होगा। श्रम विभाग ने सभी पात्र श्रमिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर श्रम कार्ड बनवाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.