सरकारी व मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने उपायुक्त से लगाई कार्रवाई की गुहार।
SHIKHAR DARPANSunday, July 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम जामबाद, पोस्ट उदनाबाद के ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन देकर सरकारी एवं मंदिर की जमीन पर कथित अतिक्रमण का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खाता संख्या-1, प्लॉट संख्या-297, रकबा 6.99 एकड़ गैरमजरुआ खास जंगल भूमि पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर मकान निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त भूमि लंबे समय से चेती दुर्गा मंदिर के उपयोग में रही है और यहां प्रत्येक वर्ष धार्मिक आयोजन आयोजित किए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई गई तो मंदिर की जमीन पर स्थायी कब्जा हो सकता है, जिससे भविष्य में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कथित अतिक्रमण और निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा सरकारी एवं मंदिर की भूमि को सुरक्षित कराने की मांग की है। आवेदन के माध्यम से थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश देने का भी अनुरोध किया गया है। इस दौरान पूर्व मुखिया प्रतिनिधि दिलीप उपाध्याय, भरत यादव, जगदीश सिंह, परसुराम सिंह, राजू मारिक, टिंकू मल्ह, परमेश्वर राय, फागू मारिक, मन्नू मल्हा, धनेश्वर मल्ह, सत्रुघन सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।