दालुआडीह में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन।
SHIKHAR DARPANFriday, July 10, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन पंचायत अंतर्गत उत्तरी पारसनाथ टोला के ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के निर्माण की मांग को लेकर गिरिडीह उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि दालुआडीह,कुरुआटांड,डाहिया,जिरुवाबेड़ा,सतकठिया,सहरबेड़ा सहित कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। विशेष रूप से सभी गांव में सड़क नहीं होने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने हाल की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला को एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।
मजबूरन ग्रामीणों ने महिला को चारपाई पर करीब चार किलोमीटर तक उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जिससे उसकी जान जोखिम में पड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा पहले भी क्षेत्र का सर्वे किया गया था। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने उपायुक्त से जनहित को देखते हुए शीघ्र सड़क संपर्क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निर्माण कराने और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन पर पंचायत की मुखिया के हस्ताक्षर एवं मुहर भी अंकित है। इस दौरान दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।