मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू, बेंगाबाद में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का शुभारंभ; पहले दिन 38 पात्र आवेदकों को जारी हुआ लर्निंग लाइसेंस।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड सरकार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में निर्धारित तिथियों के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस (नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति/लर्निंग लाइसेंस) जारी करने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण की सुलभ एवं पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराना, अधिकाधिक लोगों को वैध चालक अनुज्ञप्ति से जोड़ना तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में आज प्रखंड मुख्यालय बेंगाबाद में विशेष शिविर के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रथम चरण की प्रक्रिया, अर्थात नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) हेतु आवेदन प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के प्रथम दिन कुल 61 इच्छुक आवेदकों ने नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) के लिए आवेदन किया। सभी आवेदनों की आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले 38 पात्र आवेदकों को उसी दिन लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया गया। शेष आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। जिला परिवहन विभाग द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय विशेष शिविर दूसरे दिन भी जारी रहेगा, जिसमें नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने वाले पात्र आवेदकों को नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) जारी किया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया
कि यह विशेष अभियान जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण की सुविधा उनके नजदीक उपलब्ध हो सके। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नियमसम्मत वाहन संचालन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक पात्र चालक को विधिसम्मत चालक अनुज्ञप्ति उपलब्ध कराना है।