Type Here to Get Search Results !

बोरा पहाड़ी जंगल में 35-40 हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के बोरा पहाड़ी जंगल में शनिवार शाम करीब पांच बजे 35 से 40 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन क्षेत्र से सटे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को मुनादी एवं अन्य माध्यमों से जानकारी दी गई कि हाथियों का झुंड जंगल में विचरण कर रहा है। लोगों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने, सामूहिक रूप से पहरा देने तथा आवश्यकता पड़ने पर मशाल सहित पारंपरिक बचाव के साधन तैयार रखने की अपील की गई है।

वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे हाथियों के पास न जाएं, उन्हें उकसाने या छेड़छाड़ करने का प्रयास न करें। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, रात में अकेले खेत या जंगल की ओर नहीं जाने तथा हाथियों की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग या संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है। हाथियों के झुंड के जंगल में पहुंचने के बाद आसपास के गांवों के लोग पूरी रात सतर्क रहने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.