बोकारो पुलिस ने 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली के खिलाफ गमहरा में चिपकाया इश्तेहार, 10 अगस्त तक सरेंडर या कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANFriday, July 10, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
बोकारो पुलिस ने जागेश्वर विहार थाना क्षेत्र के दो नक्सली मामलों में फरार चल रहे 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली संतोष उर्फ संतोष महतो उर्फ संतोष दा उर्फ वासुदेव महतो के खिलाफ इश्तेहार तामील की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई। इस मामले को लेकर खुखरा थाना पुलिस ने बताया कि बोकारो पुलिस ने खुखरा थाना क्षेत्र के गमहरा गांव में फरार इनामी नक्सली के घर इसतिहार चिपकाया है।आगे उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध जागेश्वर विहार थाना कांड संख्या 07/2019 एवं 31/08/2019 दर्ज है। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं यूएपीए (UAPA) की धाराएं भी शामिल हैं।वही बताया कि आरोपी बोकारो जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र का सक्रिय उग्रवादी है। पुलिस ने उसके निवास स्थान पर इश्तेहार चिपकाते हुए निर्देश दिया है कि वह 10 अगस्त 2026 तक न्यायालय में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करे। निर्धारित तिथि तक हाजिर नहीं होने पर उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
*क्या है मामला:- पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आरोप है कि अभियुक्त और उसके सहयोगियों ने जागेश्वर विहार थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य में लगी कंपनी की पोफलेन मशीन और जनरेटर में आग लगाकर नुकसान पहुंचाया था। इसके अलावा मजदूरों के लिए बनाए गए शेड को भी जला दिया गया था तथा लेवी की मांग की गई थी। घटना के बाद चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान माओवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ भी हुई थी। पुलिस ने बताया कि इश्तेहार तामील की कार्रवाई जागेश्वर विहार थाना प्रभारी द्वारा किया गया है।वही इस दौरान खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान भी मौजूद रहे।