नवविवाहिता हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, पति गिरफ्तार, एसडीपीओ आबिद खान ने प्रेस वार्ता कर दी मामले की जानकारी।
SHIKHAR DARPANSunday, July 05, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकटवा नाला से नवविवाहिता का शव बरामद होने के सनसनीखेज मामले का पीरटांड पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। सोमवार को पीरटांड थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ आबिद खान ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल मृतका के पति मुननलाल किस्कू (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह एवं अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट भी उपस्थित रहे। एसडीपीओ ने बताया कि 5 जुलाई को पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकटवा नाला से एक महिला का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य एवं गहन जांच के आधार पर महज 12 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका विवाह 9 मार्च 2026 को हुआ था। शादी के बाद से उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। घटना वाले दिन जब वह पत्नी के साथ था, तभी उसके मोबाइल पर किसी अन्य युवक का फोन आया। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की नीयत से हरकटवा नाला में ले जाकर फेंक दिया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव के ऊपर घास डाल दी। इसके बाद वह सामान्य तरीके से घर लौट आया ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा मृतका की गुलाबी रंग की एक जोड़ी चप्पल बरामद की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रेस वार्ता में एसडीपीओ आबिद खान ने कहा कि गिरिडीह पुलिस किसी भी गंभीर अपराध के त्वरित अनुसंधान और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।