ई-केवाईसी नहीं कराया तो रुक सकती है राशन सेवा, जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील।
SHIKHAR DARPANThursday, June 11, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड प्रखंड क्षेत्र के राशन कार्डधारियों के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी परितोष कुमार ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सभी डीलरों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार सभी लाभुकों का ई-केवाईसी कराया जाना जरूरी है, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को ही खाद्यान्न योजना का लाभ मिल सके। ई-केवाईसी से राशन वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी तथा फर्जी लाभुकों पर रोक लगेगी।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलरों को अपने-अपने क्षेत्रों में ई-केवाईसी अभियान में तेजी लाने और छूटे हुए लाभुकों को जागरूक कर जल्द प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों को भविष्य में राशन प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। साथ ही उन्होंने सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे आधार कार्ड के साथ अपने नजदीकी उचित मूल्य की दुकान पर पहुंचकर जल्द से जल्द ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।