Type Here to Get Search Results !

26 मई को बालमुकुंद फैक्ट्री गेट जाम करेंगे माले और असंगठित मजदूर मोर्चा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के आठवें दिन माले और असंगठित मजदूर मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठनों ने घोषणा की है कि 26 मई को फैक्ट्री गेट जाम किया जाएगा। आंदोलन में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक विनोद सिंह, राजकुमार यादव समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पपरवाटांड़ स्थित जिला कार्यालय में जिला सचिव अशोक पासवान और किसान नेता पूरन महतो की अगुवाई में हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गई। नेताओं ने कहा कि मजदूरों के साथ अन्याय, शोषण और स्थानीय लोगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माले जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि यदि 25 मई तक हटाए गए पांच मजदूरों को वापस काम पर नहीं लिया गया तो हजारों की संख्या में लोग फैक्ट्री गेट जाम करेंगे और जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा।

किसान नेता पूरन महतो ने फैक्ट्री प्रबंधन पर किसानों के खेतों को नुकसान पहुंचाने और मजदूरों के शोषण का आरोप लगाया। वहीं माले नेता राजेश सिन्हा ने फैक्ट्री में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं देने, अवैध बालू तस्करी और प्रदूषण फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए।असंगठित मजदूर मोर्चा के केंद्रीय सचिव कन्हैया पांडेय ने कहा कि मजदूरों से 15-16 घंटे तक काम कराया जाता है और आवाज उठाने वालों पर फर्जी मुकदमे किए जाते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की। बैठक में शेखर सुमन, मनुवर हसन बंटी, सलामत अंसारी, सकलदेव यादव, मुन्ना राणा, मुस्तकीम अंसारी, नागेश्वर महतो, अजीत राय, अशोक मिस्त्री और मसूदन कोल समेत कई लोग मौजूद रहे। संगठन की ओर से यह भी बताया गया कि जून के पहले सप्ताह में मधुबन पीरटांड़ में माले का जिला सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.