Type Here to Get Search Results !

खुखरा में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा स्थित छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर परेश्वर महतो, खुखरा पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक तथा उप-प्राचार्य राजेंद्र विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। योग शिक्षिका स्वाती कुमारी ने विद्यार्थियों को योग के महत्व की जानकारी देते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप-प्राचार्य राजेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में योग तनाव दूर करने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। वही मुख्य अतिथि पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने मानव कल्याण के लिए विकसित किया। स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने योग दिवस पर आधारित गतिविधियों में भी भाग लिया। अंत में सभी को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.