Type Here to Get Search Results !

मोहर्रम को लेकर पीरटांड़ थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे व आग के खेल पर रहेगा प्रतिबंध।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को पीरटांड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने की, जबकि प्रखंड प्रमुख सविता टुडू मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों की अखाड़ा कमेटियों के सदस्य एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने सभी से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।

थाना प्रभारी ने कहा कि सामाजिक समरसता को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि फेसबुक, व्हाट्सएप समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की फर्जी, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली खबरों से बचने और ऐसी सूचनाओं को साझा नहीं करने की अपील की गई। उन्होंने यह भी बताया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान आग का खेल, एयर गन तथा अन्य खतरनाक प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, श्याम प्रसाद, महावीर मुर्मू, बबलू साव, कालेश्वर दास, सुमित कुमार सहित अखाड़ा कमेटियों के सदस्य एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.