Type Here to Get Search Results !

जैन साधु-साध्वियों के चतुर्मास व पदविहार के दौरान सुरक्षा और विश्राम व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने मंगलवार को अविनाश कुमार से मुलाकात कर जैन समाज के साधु-साध्वियों के आगामी चतुर्मास एवं पदविहार कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्य सचिव को बताया कि जैन समाज के साधु-साध्वियों का चतुर्मास एवं पदविहार कार्यक्रम 25 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। इस दौरान साधु-साध्वियों का राज्य के विभिन्न जिलों और मार्गों से होकर आगमन एवं प्रवास होगा। इसे देखते हुए उन्होंने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि साधु-साध्वियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन किया जा सके। श्री मथारू ने कहा कि साधु-साध्वियों के ठहराव एवं रात्रि विश्राम के लिए आवश्यकतानुसार सामुदायिक भवन, धर्मशाला अथवा अन्य उपयुक्त सरकारी परिसरों में व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पेयजल, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि साधु-साध्वियों के आगमन की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समय पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं समुचित समन्वय का आश्वासन दिया। इस पहल का स्वागत करते हुए शाश्वत ट्रस्ट के प्रबंधक संजीव जैन ने कहा कि साधु-साध्वियों के पदविहार एवं चतुर्मास के दौरान सुरक्षा और विश्राम व्यवस्था सुनिश्चित होने से जैन समाज को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस विषय को गंभीरता से उठाने के लिए ज्योति सिंह मथारू के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं समाजसेवी ए. सईदी ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों को उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के दौरान आवश्यक सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और प्रशासन इस दिशा में प्रभावी कदम उठाकर जैन समाज के साधु-साध्वियों के सुरक्षित एवं सुचारु पदविहार तथा चतुर्मास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.