Type Here to Get Search Results !

अवैध बालू परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

हरलाडीह ओपी क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन ने अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया। जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए हरलाडीह ओपी के सुपुर्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पीरटांड़ अंचलाधिकारी ऋषिकेश मरांडी क्षेत्र भ्रमण पर हरलाडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें अवैध रूप से बालू परिवहन की सूचना मिली। सूचना के आधार पर प्रशासनिक टीम ने जांच अभियान चलाया। टीम को देखकर एक ट्रैक्टर चालक बालू डंप कर वाहन समेत फरार हो गया, जबकि एक अन्य बालू लदे ट्रैक्टर को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

अंचलाधिकारी ऋषिकेश मरांडी ने बताया कि अभियान के दौरान एक बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर को ओपी लाया गया है। वाहन के दस्तावेजों एवं खनिज संबंधी कागजातों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू कारोबार जारी है। पीरटांड़ क्षेत्र से बालू का परिवहन कर धनबाद समेत अन्य इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.