मानदेय कटौती व भुगतान रोकने पर सहायक अध्यापकों में रोष।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 16, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
प्रखंड के सहायक अध्यापकों की बैठक में मानदेय कटौती एवं भुगतान रोकने के मामले पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। शिक्षकों ने बताया कि दर्जनों सहायक अध्यापकों का मानदेय बिना किसी स्पष्ट कारण के या तो काट दिया गया है अथवा भुगतान रोक दिया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में शिक्षकों ने अपनी समस्याएं पारा शिक्षक संघ के समक्ष रखीं। इसके बाद प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) बासिल मरांडी को बुलाकर पूरे मामले से अवगत कराया गया।
शिक्षकों ने मांग की कि जिन अध्यापकों का मानदेय रोका गया है या कटौती की गई है, उसकी जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। बीपीओ बासिल मरांडी ने शिक्षकों की समस्याएं सुनने के बाद मामले के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मानदेय भुगतान से संबंधित शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शिक्षकों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने और समस्याओं के समाधान तक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।