Type Here to Get Search Results !

बैंगलोर में सीढ़ी से गिरकर प्रवासी मजदूर की मौत, शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

रोजी-रोटी की तलाश में बैंगलोर गए निमियाघाट थाना क्षेत्र के नगरी गांव निवासी 31 वर्षीय टिंकू मंडल की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार सुबह जब उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद मंडल और संतोषी देवी के बड़े पुत्र टिंकू मंडल इसी माह 2 जून को रोजगार के लिए बैंगलोर गए थे। वह विशाल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि 11 जून की शाम करीब छह बजे ड्यूटी से लौटने के बाद टिंकू बाथरूम से निकल रहे थे। इसी दौरान सीढ़ियों पर पैर फिसलने से वह गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता गोविंद मंडल ने बताया कि घटना से दो दिन पहले 9 जून की शाम टिंकू ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। परिवार को उम्मीद नहीं थी कि यह उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी। टिंकू मंडल अपने पीछे पत्नी सोनी देवी और दो मासूम पुत्र सात वर्षीय आयुष तथा पांच वर्षीय अंश को छोड़ गए हैं। छोटे भाई राजेश मंडल सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव पहुंचने के बाद उनका अंतिम संस्कार नगरी स्थित जमुनिया नदी श्मशान घाट पर किया गया। परिजनों ने बताया कि कंपनी की ओर से एंबुलेंस के माध्यम से शव गांव भेजा गया तथा मुआवजे के रूप में एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.