पुलिस अधिकारियों पर दुर्व्यवहार के आरोप को लेकर बढ़ा विवाद, निष्पक्ष जांच की मांग।
SHIKHAR DARPANMonday, June 15, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
आजसू पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष एवं ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के सह-जिलाध्यक्ष सुमित गौरव उर्फ कम्पु यादव के साथ नगर थाना में कथित दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट और बिना कारण घंटों बैठाए रखने के आरोप का मामला तूल पकड़ने लगा है। घटना को लेकर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और छात्र संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। सोमवार को अखिल भारतीय यादव महासभा, आजसू महिला मोर्चा, आजसू छात्र संघ सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि 11 जून को नगर थाना में हुई कथित घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। संगठन के नेताओं ने कहा कि यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं आरोप गलत होने की स्थिति में भी निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस पर जनता की सुरक्षा और न्याय की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों पर दुर्व्यवहार और मारपीट जैसे आरोप लगना गंभीर विषय है, जिससे आम लोगों का भरोसा प्रभावित हो सकता है। इसलिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो यादव महासभा, आजसू परिवार और अन्य सामाजिक संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, विरोध मार्च और नगर थाना घेराव जैसे कार्यक्रम भी किए जा सकते हैं। इस मौके पर यादव महासभा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव, जदयू जिला अध्यक्ष सरयू गोप, फॉरवर्ड ब्लॉक के राजेश प्रसाद यादव, बजरंगी यादव, आजसू महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रियंका शर्मा, कंचन देवी, किरण देवी, सावित्री देवी, पूर्व प्रमुख राम प्रसाद यादव, मुकेश यादव, जागेश्वर यादव, प्रदीप यादव, मंटू यादव, अक्षय यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद थे।