गिरिडीह विधानसभा के सभी मंडलों के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की कार्यशाला संपन्न, संगठन मजबूती पर जोर।
SHIKHAR DARPANSunday, June 14, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गिरिडीह महानगर जिला द्वारा गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के तहत बदडीहा स्थित मंगलम मैरिज हॉल में पीरटांड़, हरलाडीह एवं गिरिडीह मध्य मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। वहीं भाजपा जिला कार्यालय, गिरिडीह में पचंबा, गिरिडीह नगर एवं गिरिडीह पूर्वी मंडल के कार्यकर्ताओं की कार्यशाला संपन्न हुई। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह उपस्थित हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और जनता के बीच उनकी निरंतर उपस्थिति से तय होती है।
उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही प्रभावी और सशक्त बनेगा। कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार अभियान को गति देने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा प्रत्येक बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने में है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। साथ ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने की। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी संगठन जनता की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा। कार्यशाला में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारी, सदस्यता विस्तार तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन के निर्देशों को जमीनी स्तर पर लागू करने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री शालिनी वैश्यखियार, विनय कुमार सिंह, दिनेश यादव, सुरेश साव, प्रकाश सेठ, चुन्नू कांत, संदीप दंगाईच, सिकंदर हेम्ब्रम, नवीन सिन्हा, श्याम प्रसाद, देवराज, संजीव कुमार, दीपक यादव, सुरेश मंडल, राजेश गुप्ता, अजय सिंह, खिरोधर दास, सोमनाथ पांडेय के अलावे बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।