Type Here to Get Search Results !

बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमाडीह गांव में एक महिला की निर्मम हत्या,आरोपी पति गिरफ्तार।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमाडीह गांव में एक महिला की निर्मम हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान कुर्सी देवी के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति दौलत साव को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात घर के अंदर ही वारदात को अंजाम दिया गया। रविवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या टाइल्स एवं मार्बल काटने वाली ग्राइंडर मशीन से गला रेतकर की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। जांच के दौरान अवैध संबंध समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद सिरमाडीह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.