Type Here to Get Search Results !

मधुबन में आजसू की बैठक, स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

मधुबन स्थित गेस्टहाउस में बुधवार को आजसू पार्टी की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मिराज आलम ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव प्रकाश पंडित ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के जिला प्रभारी युवा आजसू उत्कर्ष महतो उपस्थित हुए। बैठक में आगामी 22 जून को मनाए जाने वाले आजसू पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान स्थापना दिवस के अवसर पर धनबाद में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी उत्कर्ष महतो ने कहा कि स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने तथा अपने साथ अन्य लोगों को भी लेकर आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी का स्थापना दिवस संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसे ऐतिहासिक बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान उत्कर्ष महतो ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय राजतंत्र की तरह कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विपक्षी नेताओं के साथ जिस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं, उससे लोकतंत्र की भावना कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुमित गौरव उर्फ कम्पू यादव के साथ प्रशासन का जो रवैया रहा, वह उचित नहीं था। इसके अलावा गिरिडीह जिले में मिशु मंडल के साथ हुई घटना का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता ही सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं तो आम जनता की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता स्थायी नहीं होती है, आज किसी की सरकार है तो कल किसी और की भी हो सकती है, इसलिए सभी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। बैठक में मुकेश वर्मा, राकेश गुप्ता बबलू, विकास कुमार, दिगम्बर महतो, राकेश सिंह, उपेंद्र पंडित, सुरेश महतो, रवि मिश्र, ऋषव पाठक सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.