साइबर अपराधी को छुड़ाने और पुलिस पर हमला मामले में दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
SHIKHAR DARPANSaturday, June 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार साइबर अपराधी को छुड़ाने के मामले में गिरिडीह पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में रविवार को गिरिडीह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जितवाहन उरांव ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि 10/11 जून 2026 की रात साइबर थाना की टीम अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल के ठिकाने पर छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ साइबर अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों ने पुलिस हिरासत में लिए गए चुड़ामन मंडल को छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की और पथराव भी किया गया, जिससे सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद अहिल्यापुर थाना कांड संख्या 21/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त जितन मंडल (51 वर्ष), पिता स्व. चुलबुल मंडल तथा सूरज मंडल (20 वर्ष), पिता गणेश मंडल, दोनों निवासी चिकसोरिया, थाना अहिल्यापुर को गिरफ्तार किया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। *छापेमारी दल में शामिल अधिकारी:- इस विशेष अभियान में पुलिस निरीक्षक कमलेश पासवान (गांडेय अंचल), पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत (सह थाना प्रभारी, साइबर थाना), पुलिस निरीक्षक श्याम किशोर महतो (सह थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना), थाना प्रभारी एंजुल हक खान (अहिल्यापुर), थाना प्रभारी अमन कुमार (बेंगाबाद), पुनीत कुमार गौतम (साइबर थाना), साजिद खान (अहिल्यापुर थाना), थाना प्रभारी बृजेश्वर उरांव (ताराटांड़ थाना), थाना प्रभारी आनंद कुमार (गांडेय थाना) सहित क्यूआरटी/सेट बल एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।