Type Here to Get Search Results !

डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप 2026 में जमुई के पियूष बरनवाल ने जीता कांस्य पदक।

जमुई,शिखर दर्पण संवाददाता।

पटना के किलकारी भवन में आयोजित डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप 2026 में जमुई जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जमुई का प्रतिनिधित्व करते हुए युवा खिलाड़ी पियूष बरनवाल ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रोंज़ मेडल) अपने नाम किया। पियूष की इस उपलब्धि के पीछे अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक पिंटू कुमार यादव के मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं मोहम्मद ज़ाबिर अंसारी, नितीश गोस्वामी और रंजीत कुमार ने भी खिलाड़ियों का निरंतर सहयोग और उत्साहवर्धन कर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।

प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पटना के जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ) ओम प्रकाश ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राज्य को नई पहचान दिला रहे हैं। पियूष बरनवाल की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, युवाओं और जिलेवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे जमुई के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खिलाड़ियों की लगातार मेहनत और समर्पण आने वाले समय में जिले को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.