मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, अनसुलझे मामलों के लिए बनेगा विशेष अनुसंधान विंग।
SHIKHAR DARPANFriday, June 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शुक्रवार को गिरिडीह पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों की समीक्षा तथा आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल पुलिस निरीक्षकों तथा थाना एवं ओपी प्रभारियों को लंबित कांडों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिले में लंबित और अनसुलझे मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए जिला स्तर पर एक विशेष इन्वेस्टिगेशन सेल (अनुसंधान विंग) गठित करने की घोषणा की गई।
उन्होंने वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा न्यायालय से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। आम जनता की शिकायतों और विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों के त्वरित एवं संवेदनशील निष्पादन पर भी जोर दिया गया।बैठक में आगामी मुहर्रम पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरिडीह पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, न्याय प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाने तथा जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।