Type Here to Get Search Results !

जमुआ के चोरगता गांव में बड़ी चोरी, 25 लाख के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ।

जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।

जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा ओपी अंतर्गत चोरगता गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गांव निवासी मदन चौधरी के घर से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद तथा जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक और चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण मदन चौधरी अपने परिवार के साथ रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और जेवरात, नकदी तथा जरूरी कागजात गायब थे।

परिजनों ने बताया कि चोरी हुए जेवरों में घर की बहुओं के आभूषणों के साथ-साथ बेटियों की शादी के लिए वर्षों से संजोकर रखे गए गहने भी शामिल हैं। चोरी की इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। परिवार का आरोप है कि चोर केवल कीमती सामान ही नहीं, बल्कि जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए हैं। इसे देखते हुए परिजनों ने घटना के पीछे किसी सुनियोजित साजिश की आशंका जताई है। मदन चौधरी के पुत्र ने बताया कि वर्ष 2007 से कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और उन्होंने कुछ व्यक्तियों पर संदेह भी व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.