डुमरी एफसीआई गोदाम में वर्षों से पड़ी चीनी पर विवाद, जांच और वितरण की मांग तेज।
SHIKHAR DARPANSaturday, June 20, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
डुमरी प्रखंड के एफसीआई गोदाम में वर्षों से बड़ी मात्रा में चीनी पड़े रहने और उसके खराब होने के आरोपों को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता बबिता जायसवाल ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि गोदाम में कई टन चीनी वर्षों से पड़ी हुई है, जिसके कारण अनेक बोरे सड़ चुके हैं तथा कुछ में कीड़े लग गए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब राशन कार्डधारियों को चीनी उपलब्ध कराने के बजाय उसे गोदाम में रखकर बर्बाद किया गया है।अपने आवेदन में बबिता जायसवाल ने सवाल उठाया कि इतने बड़े पैमाने पर चीनी की बर्बादी की जानकारी विभाग के संज्ञान में अब तक क्यों नहीं आई। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा गोदाम में उपलब्ध चीनी का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने इस मामले में स्पष्ट किया है कि गोदाम में रखी चीनी का वितरण राज्य सरकार और खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशानुसार किया जा रहा है।
उन्होंने विभागीय पत्र का हवाला देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अक्टूबर से दिसंबर 2024 तथा उससे पूर्व की अवशेष चीनी को वित्तीय वर्ष 2025-26 के जनवरी से मार्च 2026 के दौरान लाभुकों के बीच वितरित करने का निर्देश जारी किया गया है। पदाधिकारी के अनुसार, विभाग ने उक्त चीनी के लिए 28 रुपये प्रति किलोग्राम (एक रुपये डीलर कमीशन सहित) उपभोक्ता मूल्य निर्धारित किया है तथा जन वितरण प्रणाली की दुकानों के माध्यम से इसका वितरण कराया जा रहा है। साथ ही संबंधित राशि को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराने का भी निर्देश दिया गया है।इस बीच, बबिता जायसवाल ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि गोदाम में वर्षों से चीनी क्यों पड़ी रही और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।