Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में एस आई आर को लेकर झामुमो का बी एल ऐ-2 प्रशिक्षण सह बूथ सम्मेलन, कार्यकर्ताओं को दिया गया विशेष प्रशिक्षण।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा रविवार को गिरिडीह के उत्सव उपवन सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलए-2 प्रशिक्षण सह बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। सम्मेलन में जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए-2, बूथ कमेटी पदाधिकारी एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। यह जिम्मेदारी बीएलए-2 और बूथ कमेटी की है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के इस अभियान में झामुमो पूरी मजबूती से काम कर रही है और बूथ स्तर पर इसकी तैयारी जारी है। गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में महिलाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद महिलाओं का निवास स्थान बदलता है, इसलिए उनके दस्तावेजों को सही ढंग से तैयार कराना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कोई भी सही मतदाता सूची से बाहर न हो और कोई फर्जी नाम शामिल न हो।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि पार्टी एसआईआर को लेकर पूरी तरह गंभीर है। बूथ कमेटी से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है ताकि पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता जुड़ न सकें। राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करें। जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं को लगातार प्रशिक्षण देकर उन्हें चुनावी और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जा रहा है।धनवार के पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि कोई पात्र मतदाता वंचित न रह जाए। सम्मेलन को डुमरी विधानसभा के नेता अखिलेश महतो राजू एवं प्रणव वर्मा ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। रांची से आई विशेषज्ञ टीम ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी बीएलए-2 एवं बूथ कमेटी सदस्यों को प्रदान की। कार्यक्रम में जिला सचिव महालाल सोरेन, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, दिलीप मंडल, बबली मरांडी, नगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, कोलेश्वर सोरेन, गोपिन मुर्मू, बरकत अली, महाबीर मुर्मू, चांद रसीद सहित सभी प्रखंड, पंचायत और बूथ कमेटियों के पदाधिकारी एवं विभिन्न वर्ग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन में एसआईआर प्रक्रिया को सफल बनाने, मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.