Type Here to Get Search Results !

पद्म वाटिका में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर का आयोजन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झगरी स्थित पद्म वाटिका में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग, प्राणायाम एवं विभिन्न आसनों का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग शिविर का संचालन योग प्रशिक्षक अरविंद कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अष्टांग योग, सूर्य नमस्कार, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, ध्यान एवं विभिन्न योगिक क्रियाओं का अभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन का भी प्रभावी साधन है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, महामंत्री संदीप डंगायच, कोषाध्यक्ष मुकेश जालान, नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा ‘सिंकू’, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनील पासवान, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रकाश सेठ एवं दिनेश यादव, महापौर प्रत्याशी शैलेंद्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष देवराज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के बाद योग वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और कल्याण का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग तनाव, चिंता एवं जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ, समृद्ध एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.