एनईईटी-यूजी 2026 के सफल निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त व एसपी ने परीक्षा के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
SHIKHAR DARPANSunday, June 21, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा एनईईटी-यूजी 2026 के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एच-ई हाई स्कूल, पचंबा हाई स्कूल एवं सर जेसी बोस स्कूल सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि NEET-UG जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित आयोजन जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, दंडाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने की सुविधा मिल सके। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच निर्धारित समय पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई तथा सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराया गया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ किया गया है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आमजनों से भी परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की, जिससे परीक्षा का आयोजन सुचारू एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।