रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।
SHIKHAR DARPANMonday, June 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनबाद-गया रेलखंड के चौधरीबांध के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के भंडारो निवासी नीरज मंडल के रूप में हुई है। वह इन दिनों अपने मामा के घर चौधरीबांध के उल्लीबार में रह रहा था। जानकारी के अनुसार रविवार को स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के मामा ने नीरज की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह सामान्य रेल दुर्घटना नहीं लगती और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इधर, नीरज की मौत से भंडारो और उल्लीबार गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।