कसियाडीह में राशन वितरण विवाद की जांच, दो दिनों के भीतर अनाज वितरण का निर्देश।
SHIKHAR DARPANMonday, June 22, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
बीते दिनों अखबार में प्रकाशित खबर के बाद कुड़को पंचायत के कसियाडीह गांव में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में कथित अनियमितता की शिकायतों को लेकर सोमवार को जांच की गई। गांव के डीलर बालेश्वर हांसदा के विरुद्ध अनाज वितरण में गड़बड़ी एवं लाभुकों को समय पर राशन नंही देने संबंधी कई शिकायतें सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) परितोष कुमार एवं एजीएम ने कसियाडीह गांव पहुंचकर लाभुकों, ग्रामीणों तथा डीलर से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और जांच की। जांच के दौरान संबंधित पक्षों की बात सुनने के बाद अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि राशन वितरण से जुड़े विवाद और शिकायतों का समाधान कर लिया गया है। साथ ही डीलर बालेश्वर हांसदा को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे दो दिनों के भीतर सभी पात्र लाभुकों के बीच नियमानुसार अनाज का वितरण सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और जल्द राशन वितरण शुरू होने की उम्मीद जताई।