फिल्म ‘नायक’ की तर्ज पर नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, निगम कर्मियों में मचा हड़कंप।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और कर्मियों की कार्यशैली का जायजा लिया। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे नगर आयुक्त ने निगम परिसर में बैठकर साफ-सफाई से संबंधित कार्यों की समीक्षा की, जिससे निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की तथा सफाई कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि बिजय सिंह बिरुआ ने 19 जून 2026 को गिरिडीह नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया है। इससे पहले वे लगभग दो वर्षों तक गिरिडीह में अपर समाहर्ता के पद पर कार्यरत रहे हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। करीब दो घंटे तक निगम परिसर में मौजूद रहे नगर आयुक्त ने आम नागरिकों और सफाई कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं। उनकी सादगीपूर्ण एवं सक्रिय कार्यशैली की चर्चा पूरे नगर निगम परिसर और शहर में होती रही।