खेती बचाओ अभियान के तहत केसीसी कैंप का आयोजन, किसानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।
SHIKHAR DARPANFriday, June 12, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड सभागार में शुक्रवार को खेती बचाओ अभियान के तहत किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) गिरिडीह की उपस्थिति में किसानों को केसीसी योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। एलडीएम ने बताया कि केसीसी किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से वे कृषि कार्यों के लिए आसानी से ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब केसीसी ऋण लेने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल हो गई है। किसान स्वयं या नजदीकी सीएससी केंद्र के माध्यम से केसीसी आवेदन फॉर्म भर सकते हैं, जिससे उन्हें बैंक के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने बताया कि केसीसी ऋण प्राप्त करने के लिए जमीन की ऑनलाइन रसीद एवं सही वंशावली होना आवश्यक है। इसके अलावा किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरक क्षमता प्रभावित होती है। इसलिए खेतों की उत्पादकता बनाए रखने के लिए जैविक खाद एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए।कार्यक्रम में बीटीएम अमित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी छोटन कुमार मुर्मू, प्रखंड के विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी, रविलाल मुर्मू, बैकुंठ पंडित, शिवलाल हांसदा, कैलाश वर्णवाल, दिनेश मुर्मू, गणेश महतो सहित कई किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।