Type Here to Get Search Results !

पंचायत भवन का सेल्फी वाला विकास : आगे एचडी लुक - पीछे नोकिया वाला हाल ।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय पंचायत के पंचायत सचिवालय में मुखिया और पंचायत सचिव द्वारा करवाए गए जबरदस्त काम से पंचायत भवन जगमगा उठा है। पंचायत भवन में हुई जबरदस्त डेंटिंग - पेंटिंग आस - पास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पंचायत भवन का लुक ऐसा है जिसे आप भी देखकर बोलेंगे कि ​वाह मुखिया जी - वाह! क्या गजब का डेंटिंग - पेंटिंग करवाएं हैं। दरअसल लोकाय पंचायत सचिवालय में केवल सामने की दीवारों पर रंग - रोगन कर चमका दिया गया है। अन्य तीन तरफ की दीवारें और भीतर के कमरे वैसे ही बदरंग पड़े हैं। जैसे पंचायत भवन का का फ्रंट कैमरे की क्वालिटी एचडी हो और रियर कैमरा नोकिया 1100। पूर्व मुखिया लाटो रविदास ने बताया कि पंचायत भवन में सुविधाएं शून्य हैं। बीते 10 मई को आयोजित ग्राम सभा में लोग इस भीषण गर्मी में बिना पंखे और पानी के परेशान रहे। परिसर स्थित चापानल भी महिनों से खराब पड़ा है लेकिन मुखिया जी का कोई ध्यान नहीं है।

जब दीवार पर लिखे नाम के आधार पर राणा पेंटर गांवां के सोनू राणा से फोन पर बात की गई तो उन्होंने चौंकाने वाला दावा किया। सोनू ने कहा कि मुखिया ने मुझसे सिर्फ दीवार पर लिखावट करवाई थी,पेंटिंग का काम किसी और व्यक्ति ने किया है।​ 
*क्या कहते हैं जिम्मेदार* 
​मुखिया प्रतिनिधि तालो हांसदा ने कहा कि पहले रंग-रोगन की पूरी राशि नहीं आई थी, इसलिए काम रुका था। अब राशि आ गई है, बाकी काम दुरुस्त करा दिया जाएगा। ​पंचायत सचिव संदीप रजक ने कहा कि मुखिया पर लगे आरोप गलत हैं। रिपेयरिंग के लिए 2 लाख स्वीकृत हैं, जिसमें से अभी एक रुपया भी नहीं मिला है, कार्य रनिंग में है। तिसरी के बीडीओ ​मनीष कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जांचोपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.