पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज//आरवाईए नेता राहुल मंडल के पिता की मौत मामले में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीपीओ से की मुलाकात।
SHIKHAR DARPANWednesday, June 24, 2026
0
सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता।
क्रांतिकारी नौजवान सभा (आरवाईए) के नेता राहुल मंडल के पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नया मोड़ आ गया है। रिपोर्ट में मौत को हत्या बताया गया है, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है। मामले को लेकर सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने सरिया एसडीपीओ धनंजय राम से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। जानकारी के अनुसार राहुल मंडल के पिता की मृत्यु 30 मई 2026 को हुई थी। घटना के बाद से ही परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी। राहुल मंडल लगातार मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे थे। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद परिजनों के आरोपों को बल मिला है।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीपीओ को ज्ञापन सौंपते हुए मामले के मुख्य आरोपियों को चिन्हित कर तत्काल गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने तथा जांच को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। मुलाकात के दौरान एसडीपीओ धनंजय राम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद क्षेत्र में न्याय की मांग तेज हो गई है। आरवाईए सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनसंगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी रोष देखा जा रहा है और सभी की निगाहें अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।