Type Here to Get Search Results !

मोतीलेदा बालू घाट पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जब्त ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश में पलटा वाहन।

बेंगाबाद,शिखर दर्पण संवाददाता। 

अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन की ओर से लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को मोतीलेदा बालू घाट पर बड़ी कार्रवाई की गई। अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में हुई छापेमारी के दौरान बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। हालांकि, थाना ले जाने के दौरान चालक ने ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छापेमारी के बाद जब्त ट्रैक्टर को थाना भेजने के लिए अंचल अधिकारी ने वाहन पर एक चौकीदार को बैठाकर रवाना किया था। इसी दौरान चालक ने अचानक ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी और वाहन लेकर भागने लगा। भागने के क्रम में तेलोनारी गांव के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।

सौभाग्यवश इस दुर्घटना में चालक और ट्रैक्टर पर मौजूद चौकीदार दोनों सुरक्षित बच गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पलटे हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोतीलेदा बालू घाट से लंबे समय से एनजीटी के नियमों की अनदेखी करते हुए बड़े पैमाने पर बालू का उठाव किया जा रहा है। प्रतिदिन कई वाहनों के जरिए बालू की ढुलाई होने से क्षेत्र में अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.