जमीन विवाद में युवक की हत्या की आशंका, पत्थर से कुचलकर मारने का आरोप।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 23, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासोकांडो नदी के समीप एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। युवक की हत्या पत्थर और डंडे से हमला कर किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपने ट्रैक्टर चालक को लेने के लिए बासोकांडो आया था। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बाद में उसका शव बासोकांडो नदी के पास सुनसान स्थान पर पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद डुमरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की बाइक, चश्मा तथा हत्या में प्रयुक्त होने की आशंका वाले पत्थर और डंडे को बरामद किया है। साक्ष्यों के वैज्ञानिक परीक्षण के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया जा रहा है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हत्या के कारणों तथा अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।