Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में युवक की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पचम्बा थाना क्षेत्र के बोरो हवाई अड्डा के समीप किराये के मकान में रहने वाले सीहोडीह निवासी पंकज कुमार (28 वर्ष), पिता मुन्ना राम, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को उनका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार पंकज कुमार अपनी पत्नी और बच्चे के साथ किराये के मकान में रहते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार उन्होंने करीब पांच वर्ष पूर्व एक मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक बच्चा भी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की मां का आरोप है कि उनके बेटे और बहू के बीच अक्सर विवाद होता था। उनका कहना है कि बहू का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था, जिसे लेकर रविवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद पंकज की पत्नी घर छोड़कर चली गई और कुछ देर बाद पंकज का शव फंदे से लटका मिला। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है। मृतक की मां ने प्रशासन से अपने पोते को उनके संरक्षण में सौंपने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चे की सुरक्षा और भविष्य को देखते हुए उसे परिवार के पास रखा जाना चाहिए। इधर, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.