मीना चौक के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से गाय की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश।
SHIKHAR DARPANSunday, June 14, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
हरलाडीह ओपी क्षेत्र के मीना चौक के समीप रविवार सुबह एक अज्ञात ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोक दिया और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर हरलाडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार और लापरवाही से आय दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
उनका आरोप है कि कई ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जाता है, जिस कारण चालक अक्सर बेलगाम तरीके से वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कुछ चालक नशे की हालत में भी ट्रैक्टर चलाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने तथा ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।