Type Here to Get Search Results !

मोहर्रम पर्व को लेकर खुखरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को खुखरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खुखरा थाना के अवर निरीक्षक नरेश कुमार यादव ने की। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा कमेटी के सदस्यों एवं दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में खुखरा पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक, तुईयो पंचायत समिति सदस्य सुशील टुडू, तुईयो मुखिया रामसागर किस्कु सहित कई ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मोहर्रम पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूस, अखाड़ों की गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

अवर निरीक्षक नरेश कुमार यादव ने उपस्थित लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें आम लोगों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भी अपने-अपने विचार रखे तथा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही सभी लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की गई। बैठक का समापन आपसी सहयोग, भाईचारे एवं शांति बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी ताकि मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.