Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ प्रखंड में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता । 

12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न पंचायतों, थाना परिसरों एवं शिक्षण संस्थानों में योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड मुख्यालय परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सीओ समेत प्रखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी कर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। यह दिन उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है, जिसे ग्रीष्म संक्रांति कहा जाता है। इस दिन के बाद सूर्य दक्षिणायन हो जाता है, जिसे योग साधना के लिए विशेष रूप से अनुकूल माना जाता है।

वहीं पीरटांड़ थाना, खुखरा थाना, मधुबन थाना एवं हरलाडीह ओपी परिसर में भी विशेष योग शिविर आयोजित किए गए। संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने योगाभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इधर खुखरा स्थित छोटानागपुर वसु इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। वहीं पालगंज स्थित आईएन पब्लिक स्कूल में विद्यालय के निदेशक प्रेम कुमार के नेतृत्व में बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ योग दिवस मनाया। योग दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में लोगों को स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति एवं नियमित योगाभ्यास के प्रति प्रेरित किया। साथ ही सामुदायिक सहभागिता और जनजागरूकता का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। भारतीय जनता पार्टी पीरटांड़,हरलाडीह मंडल कमेटी द्वारा 17 पंचायत के शक्ति केंद्र में भी योग दिवस का आयोजन किया गया ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.