Type Here to Get Search Results !

नशा मुक्त गिरिडीह की ओर बड़ा कदम: माननीय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने तीन जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत गांडेय प्रखंड से तीन प्रचार वाहनों को विधायक, गांडेय विधानसभा क्षेत्र कल्पना मुर्मू सोरेन, उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन 15 जून से 26 जून 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देंगे। इस अवसर पर विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। इसके खिलाफ केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि झारखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण जनआंदोलन में सभी लोग सक्रिय भागीदारी निभाएं। निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। जब तक समाज स्वयं आगे नहीं आएगा, तब तक इस चुनौती से प्रभावी ढंग से नहीं निपटा जा सकता है। मीडिया को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार, समाज और भविष्य को प्रभावित करता है। नशे की लत युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं संभावनाओं को नष्ट कर देती है। इसलिए नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे नशामुक्त झारखंड एवं नशामुक्त गिरिडीह के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा इस जन-जागरूकता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित यह अभियान लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। प्रचार वाहन निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी देंगे।अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर क्विज, निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता, बाजार-हाटों में जन जागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की नशा संबंधी समस्या या परामर्श के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री ड्रग डी-एडिक्शन हेल्पलाइन नंबर 14446 का उपयोग करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.