Type Here to Get Search Results !

प्रशासन की बड़ी कार्रवाई अवैध पत्थर खदान पर छापेमारी, हाइवा-पोकलेन समेत कई मशीनें जब्त।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए डुमरी थाना क्षेत्र के चीनो मौजा में संचालित अवैध पत्थर खदान पर संयुक्त छापेमारी की। अनुमंडल प्रशासन एवं खनन विभाग की टीम ने मौके से अवैध उत्खनन में प्रयुक्त दो हाइवा, एक पोकलेन मशीन और एक ड्रिलिंग मशीन बरामद कर जब्त कर लिया। सभी वाहनों एवं मशीनों को बाद में डुमरी थाना लाया गया। छापेमारी अभियान का नेतृत्व डुमरी एसडीएम संतोष कुमार ने किया। टीम में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, सीओ शशिभूषण वर्मा, प्रभारी डीएमओ सह खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। प्रशासन को सूचना मिली थी कि चीनो मौजा में बिना खनन पट्टा एवं आवश्यक अनुमति के अवैध रूप से पत्थर का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन एवं मशीनों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान तीन मजदूरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, जिन्हें आवश्यक पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इस संबंध में प्रभारी डीएमओ सह खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव की लिखित शिकायत पर अज्ञात संचालकों के खिलाफ डुमरी थाना में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं खनिज चोरी से संबंधित मामला दर्ज किया गया है।प्रभारी एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि प्रशासन को लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर छापेमारी कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा तथा राजस्व क्षति रोकने के लिए अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.