Type Here to Get Search Results !

सरिया में सर्राफा व्यवसायी से 10 लाख के जेवरात की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार।

सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता।

सरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम बेखौफ अपराधियों ने एक सर्राफा व्यवसायी को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, झंडा चौक स्थित कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक सचिन स्वर्णकार रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर बाइक से बड़की सरिया स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान काला रोड में हरि स्वर्णकार के घर के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया।

बताया जाता है कि बदमाशों ने सचिन स्वर्णकार की बाइक में टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद उनके पास मौजूद बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.