साइबर आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, आरोपी फरार।
SHIKHAR DARPANThursday, June 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची गिरिडीह साइबर पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, साइबर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चामलिटी निवासी साइबर आरोपी चुरामण मंडल अपने ससुराल चिकसोरिया गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वहां पहुंची। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही आरोपी और उसके सहयोगियों ने विरोध शुरू कर दिया। बताया जाता है कि कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और पुलिस टीम का विरोध करने लगे।
इसी दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान अफरा-तफरी और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी चुरामण मंडल मौके से फरार हो गया। घटना की पुष्टि करते हुए अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान ने बताया कि मामले में 5 से 7 नामजद तथा 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।